वाराणसी में एयर शो : 30 लाख दर्शकों की भीड़ संभालने की तैयारी, पुलिस आयुक्त ने घाटों और प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण

प्रस्तावित भव्य एयर शो में करीब 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसको देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान दर्शकों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए प्रवेश-निकास, पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पहले से पूरी कर ली जाए। 
 

पड़ाव से कोदोपुर घाट तक परखी व्यवस्थाएं, पार्किंग से लेकर इमरजेंसी एग्जिट तक की कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

22, 23 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो में 90 मिनट तक दिखेंगे सेना के विमानों और एयरक्राफ्ट के हवाई करतब

गंगा के दोनों तटों से लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना, भीड़ नियंत्रण को क्यू मैनेजमेंट और वैकल्पिक मार्ग की होगी व्यवस्था 

पार्किंग, बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया के इंतजाम, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

इमरजेंसी एग्जिट और त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम रहेगा सक्रिय, आयोजन से पहले मॉक ड्रिल से परखेंगे तैयारी

वाराणसी। प्रस्तावित भव्य एयर शो में करीब 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसको देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान दर्शकों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए प्रवेश-निकास, पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पहले से पूरी कर ली जाए। 


90 मिनट तक दिखेंगे हवाई करतब
22, 23 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो में  भारतीय वायुसेना के विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट करीब 90 मिनट तक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों तटों से बड़ी संख्या में लोगों के आयोजन देखने पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और संबंधित विभागों ने व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट
पुलिस आयुक्त ने घाटों पर पैदल भ्रमण कर दर्शक क्षेत्र, भीड़ के दबाव वाले स्थान और सुरक्षित आवागमन मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन पर जोर
गंगा के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बेतरतीब पार्किंग रोकने के साथ पैदल मार्ग, प्रवेश-निकास प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग और आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा गया।


ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
एयर शो के दौरान सीसीटीवी, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस आयुक्त ने आपातकालीन मार्ग, इमरजेंसी एग्जिट और त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।


मॉक ड्रिल से परखी जाएगी तैयारी
पुलिस आयुक्त ने एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा और मॉक ड्रिल कराने को कहा। उन्होंने पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा समेत संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।