एयर शो : काशी में गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का शौर्य, एयर शो में 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान, डीएम ने बताई तैयारी
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो को लेकर उत्साह चरम पर है। गंगा की लहरों के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। रिहर्सल और ट्रायल के बाद आयोजन को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, एयर शो में 15 से 20 लाख तक दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए घाटों से लेकर गंगा पार डोमरी और रामनगर तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा। दोपहर में होने वाला यह प्रदर्शन लगभग दो से तीन घंटे तक चलेगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमान और हेलीकॉप्टर फ्लाईपास्ट के साथ हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के ऊपर होने वाला यह प्रदर्शन काशीवासियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
घाटों से गंगा पार तक तैयारियां तेज
विशाल जनसमूह को व्यवस्थित तरीके से एयर शो दिखाने के लिए प्रमुख घाटों पर सफाई, सिल्ट हटाने और बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। पक्का घाट, सराय मोहाना, अस्सी घाट से संत रविदास घाट तक व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। वहीं, गंगा पार डोमरी और रामनगर क्षेत्र में करीब 300 हेक्टेयर भूमि का समतलीकरण कर बैरिकेडिंग की गई है। इसका उद्देश्य दर्शकों को पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के साथ भीड़ को नियंत्रित रखना है।
बड़ी स्क्रीन, पेयजल और चिकित्सा सुविधा
दर्शकों की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके साथ पेयजल, चिकित्सा सहायता और खानपान की व्यवस्था भी की जा रही है। भीड़ प्रबंधन और लोगों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के एक हजार से अधिक स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों को आमंत्रण
जिलाधिकारी के मुताबिक, एयर शो देखने के लिए 10 हजार से अधिक स्कूली बच्चों के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा काशी के विद्वानों, संस्कृत के विद्यार्थियों, काशी सांसद प्रतियोगिता 2025-26 के विजेताओं, डॉक्टरों, बैंककर्मियों, वकीलों, प्रोफेसरों, व्याख्याताओं और प्रमुख निवेशकों को भी आमंत्रित किया गया है। काशी सांसद प्रतियोगिता के विजेता नमो घाट से हवाई प्रदर्शन देखेंगे। प्रशासन का जोर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दर्शकों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण पर है। तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश की वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का यह भव्य प्रदर्शन काशीवासियों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए यादगार बने।