वाराणसी से शारजाह के लिए बढ़ेंगी उड़ानें, 25 अक्टूबर से शुरू होंगी सेवा, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बदला शेड्यूल
वाराणसी। त्योहारी सीजन में वाराणसी से शारजाह जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से शारजाह के लिए 25 अक्टूबर से दो अतिरिक्त उड़ानें शुरू होंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ मौजूदा फ्लाइट के समय में भी बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के तहत टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है।
नई समय-सारिणी के अनुसार वाराणसी से शारजाह के लिए एक उड़ान प्रतिदिन शाम 6:15 बजे रवाना होगी। इसके अलावा दूसरी उड़ान रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को दोपहर 12:15 बजे उड़ान भरेगी। इस तरह सप्ताह में चार दिन यात्रियों के पास शारजाह जाने के लिए दो उड़ानों का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
उड़ानों की संख्या बढ़ने से खासकर त्योहारी सीजन में खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वाराणसी और आसपास के जिलों के अलावा पूर्वांचल के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग रोजगार और अन्य कार्यों के सिलसिले में शारजाह और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करते हैं।
त्योहारी सीजन में बढ़ा हवाई किराया
त्योहारी सीजन की मांग का असर हवाई किराये पर भी दिखाई देने लगा है। सामान्य दिनों में वाराणसी-शारजाह हवाई टिकट का किराया करीब 15 से 20 हजार रुपये के आसपास रहता है। वहीं, 25 अक्टूबर की यात्रा के लिए टिकट का किराया करीब 23 हजार रुपये तक पहुंच गया है। यात्रियों की संख्या और बुकिंग बढ़ने के साथ किराये में और बदलाव की संभावना है।