एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6 जून तक निरस्त, ईंधन की महंगाई का असर 

विमानन कंपनियों पर बढ़ती ईंधन लागत का असर अब उड़ान सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में एयर इंडिया ने वाराणसी से दिल्ली के बीच संचालित अपनी एक नियमित उड़ान को 1 जून से 6 जून तक अस्थायी रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रतिदिन यात्रा करने वाले करीब 200 यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
 

वाराणसी। विमानन कंपनियों पर बढ़ती ईंधन लागत का असर अब उड़ान सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में एयर इंडिया ने वाराणसी से दिल्ली के बीच संचालित अपनी एक नियमित उड़ान को 1 जून से 6 जून तक अस्थायी रूप से निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रतिदिन यात्रा करने वाले करीब 200 यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

विमान ईंधन (एटीएफ) के दामों में लगातार वृद्धि के कारण एयर इंडिया और इंडिगो सहित कई एयरलाइंस अपनी उड़ान सेवाओं में कटौती कर रही हैं। इसी कड़ी में एयर इंडिया ने वाराणसी-दिल्ली मार्ग पर संचालित अपनी एक उड़ान को छह दिनों के लिए रद्द करने का फैसला लिया है।

एयर इंडिया के स्टेशन प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि कंपनी की ओर से वाराणसी से सुबह 10 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट संख्या AI-1850 को 1 जून से 6 जून तक निरस्त किया गया है। यह उड़ान प्रतिदिन संचालित होती थी और इसके माध्यम से बड़ी संख्या में यात्री राजधानी दिल्ली की यात्रा करते थे।

वहीं, इंडिगो एयरलाइंस की ओर से अभी तक उड़ानों में कटौती या किसी सेवा को निरस्त किए जाने संबंधी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। हालांकि विमानन क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि यदि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी रहती है तो अन्य एयरलाइंस भी अपने परिचालन खर्च को संतुलित करने के लिए उड़ानों की संख्या में कमी कर सकती हैं।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ग्राहक सेवा केंद्र से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। एयर इंडिया के इस निर्णय ने यात्रियों के साथ-साथ विमानन क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना दिया है।