मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, सीर गोवर्धनपुर से काशी विश्वनाथ मार्ग तक चमकाने में जुटा विभाग 

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग को साफ-सुथरा, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य में जुट गया है। सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ धाम तक जाने वाले पूरे मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा।
 

संत शिरोमणि रविदास के प्रकाश पर्व कार्यक्रम में आएंगे सीएम व बीजेपी अध्यक्ष 


रविदास जन्मस्थली से काशी विश्वनाथ धाम तक मार्ग का हो रहा कायाकल्प 
 

टूटी सड़कों की मरम्मत के साथ जगह-जगह दीवारों पर कराई जा रही पेंटिंग्स

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग को साफ-सुथरा, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य में जुट गया है। सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ धाम तक जाने वाले पूरे मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को अधिकारियों के साथ संभावित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रविदास गेट, सोनारपुरा, बंगाली टोला और गोदौलिया मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर बने पाथवे और नालियों की मरम्मत तत्काल कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग को आकर्षक स्वरूप देने के लिए प्रमुख स्थानों पर वॉल पेंटिंग कराई जाए और जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां शीघ्र पैचवर्क कर गड्ढामुक्त बनाया जाए। इसके अलावा विद्युत विभाग को लटक रहे एवं जर्जर बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सके।

स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्ग पर कहीं भी निर्माण सामग्री या सीएंडडी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट) पड़ा हो तो उसे तत्काल हटाया जाए। साथ ही पूरे रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आलोक (लाइटिंग) विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता आगम कटियार, आलोक विभाग के जूनियर इंजीनियर हरीश मिश्रा, जोनल स्वच्छता अधिकारी संदीप भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम का लक्ष्य मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से पहले पूरे मार्ग को सुचारु, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप में तैयार करना है।