पीएम के आगमन से पहले काशी को चमकाने में जुटा नगर निगम, एक हफ्ते में 1456 टन कचरा निस्तारित
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित 28 अप्रैल के दौरे को लेकर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। 22 अप्रैल से शुरू हुए सप्ताहव्यापी महा-सफाई अभियान के तहत न केवल शहर की सड़कों और गलियों की साफ-सफाई की गई, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी लाते हुए लंबित मामलों का निस्तारण किया गया।
नगर निगम द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान एक सप्ताह में 1456 टन अतिरिक्त कूड़े का निस्तारण किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन लगभग 1000 टन कचरा उठता था, वहीं इस विशेष अभियान के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 1200 से 1300 टन प्रतिदिन तक पहुंच गया। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी वार्डों में विशेष टीमें तैनात की गईं और ‘सेंट्रल कमांड’ के माध्यम से पूरे अभियान की लगातार निगरानी की गई।
सफाई अभियान के साथ-साथ नगर निगम ने लंबित प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया। सात दिनों के भीतर आठों जोनों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 849 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और 301 दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से जुड़े मामलों का निपटारा किया गया। इसमें ऋषि मांडवी जोन में सर्वाधिक 183 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि वरुणापार जोन में 76 दाखिल-खारिज मामलों का निस्तारण हुआ।
इस अभियान में महापौर अशोक कुमार तिवारी की सक्रिय भूमिका भी देखने को मिली। उन्होंने 22 अप्रैल से प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर निगम का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री के आगमन तक वाराणसी का स्वरूप पूरी तरह से बदला हुआ नजर आए। इस पहल से न केवल शहर की स्वच्छता में सुधार हुआ है, बल्कि लंबित कार्यों के निस्तारण से आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिली है।
जोनवार निस्तारण का विवरण:
जोन का नाम जन्म-मृत्यु दाखिल-खारिज
ऋषि मांडवी 183 12
भेलूपुर 173 45
वरुणापार 151 76
दशाश्वमेध 104 60
आदमपुर 84 25
रामनगर 67 14
सारनाथ 47 32
कोतवाली 40 37
योग 849 301