अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योगमय हुई काशी, बरेकाकर्मियों और सीआरपीएफ जवानों ने निरोग रहने को किया योग 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के मद्देनजर काशी में योग के प्रति जनजागरुकता बढ़ाने के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन द्वारा अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
 

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के मद्देनजर काशी में योग के प्रति जनजागरुकता बढ़ाने के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन द्वारा अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

बरेका के कर्मचारी क्लब एवं संस्थान के अंतर्गत संचालित शिवांशी फिटनेस जोन में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें बरेका कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। योग सत्रों में प्रतिभागियों को आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों एवं श्वास संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है।

शिवांशी फिटनेस जोन की संचालिका श्रीमती बिंदु सिंह तथा कर्मचारी क्लब के कर्मचारी सरोज कुमार नियमित रूप से योग कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में विशेष रूप से महिला प्रतिभागी उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प ले रही हैं। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

वहीं दूसरी ओर, सारनाथ की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक धरती पर सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन द्वारा भव्य योग अभ्यास शिविर आयोजित किया गया। कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों, अधिकारियों, उनके परिवारों के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने भी भाग लिया। पतंजलि योगपीठ के मुख्य योग प्रशिक्षक शैलेश बर्नवाल ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन एवं शवासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहा कि सीआरपीएफ जवानों को चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। ऐसे में योग उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने योग को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का आधार बताया।