सीएम के वाराणसी दौरे से पहले पुलिस कमिश्नर ने परखी तैयारी, विशेष सतर्कता बरतने के दिए निर्देश 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने वीआईपी रूट तथा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने वीआईपी रूट तथा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क निगरानी और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। कार्यक्रम स्थल एवं रूट की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

वीआईपी सुरक्षा के दृष्टिगत होटल, ढाबे और अन्य ठहरने वाले स्थानों की चेकिंग कर वहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन कराया गया। संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों और सूचनाओं की भी लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग कराने तथा बिना चेकिंग और फ्रिस्किंग किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए। प्रवेश द्वारों पर DFMD और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ महिलाओं की सुविधा के लिए पृथक इनक्लोजर बनाए जाने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की व्यवस्था के साथ वीआईपी रूट की गलियों, कट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त रस्से एवं लाउड-हेलर उपलब्ध कराने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

 

ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव समेत कमिश्नरेट वाराणसी एवं बाह्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।