फरवरी में होगी एआरओ वाराणसी की अग्निवीर भर्ती रैली, 12 जिलों के अभ्यर्थी लेंगे भाग
वाराणसी। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) वाराणसी से जुड़े 12 जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों की भर्ती रैली फरवरी में आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली 2 से 27 फरवरी 2027 तक छावनी क्षेत्र में होगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए रैली की जनपदवार तिथियां जल्द जारी की जाएंगी।
एआरओ कार्यालय की ओर से सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज दुरुस्त रखने के साथ ही भर्ती रैली की तैयारियां शुरू करने की सलाह दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के अंतर्गत वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, गोरखपुर और देवरिया जिले आते हैं।
इन जिलों से विभिन्न श्रेणियों में कुल 22,138 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं। इनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 13,917, टेक्निकल के 3,596, ऑफिस असिस्टेंट/स्टोर कीपर टेक्निकल के 1,674, ट्रेड्समैन (10वीं) के 1,914, ट्रेड्समैन (8वीं) के 477, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट के 445 और महिला सैन्य पुलिस के 115 अभ्यर्थी शामिल हैं।