एक करोड़ की ठगी करने वाला एजेंट ठाणे से गिरफ्तार, 12 साल से था फरार, नौकरी और जमीन के कारोबार में निवेश का झांसा देकर की ठगी
वाराणसी। करीब 12 साल पहले वाराणसी के लोगों से एक करोड़ रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल श्रीवास्तव को लखनऊ एसटीएफ ने महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नौकरी दिलाने और जमीन के कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों से रुपये ऐंठने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ के साथ ही अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
राहुल श्रीवास्तव ने वाराणसी में एक कंपनी के एजेंट के रूप में काम किया था। बाद में वह लखनऊ चला गया और वहां एक कंपनी में ब्रोकर के रूप में काम किया। बाद में अपनी कंपनी बनाई और उसका निदेशक बन गया। किसानों से जमीन खरीदकर कागजों पर ले-आउट तैयार कराकर लोगों को बेच दी, लेकिन कब्जा नहीं दिया। लखनऊ में आरोपी के खिलाफ 32 आपराधिक मामले दर्ज हुए तो वह महाराष्ट्र भाग गया।
लंबे समय से चल रहा था फरार
मामले में आरोपी लंबे समय से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार उसे महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।