विश्वनाथ धाम के बाद कालभैरव मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेने वाले दलालों पर कसा पुलिस का शिकंजा, 11 गिरफ्तार
वाराणसी। सोशल मीडिया पर बीते दिनों काल भैरव मंदिर में पर्यटकों के साथ अभद्रता और दर्शन के नाम पर दलाली का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अभियान चलाया गया।
चौकी इंचार्ज काल भैरव अभय नारायण सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम सादे वर्दी में मंदिर क्षेत्र में पहुंची और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान पुलिस ने काल भैरव मंदिर के आसपास दर्शन कराने और श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 11 कथित दलालों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा था, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह का कहना है कि मंदिर परिसर में दलाली, अभद्रता और श्रद्धालुओं के शोषण की शिकायतों पर आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। धार्मिक स्थलों की गरिमा खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।