SIR के बाद वाराणसी में 27.30 लाख मतदाता, 4 लाख से अधिक के नाम कटे, अंतिम सूची जारी
वाराणसी। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत गुरुवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इसके अनुसार वाराणसी में 27.30 लाख मतदाता हैं। 4 लाख से अधिक मृतकों, शिफ्टेड और डुप्लिकेट मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध करा दी हैं, वहीं प्रत्येक मतदान केंद्र पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी सूची सौंप दी गई है, ताकि आमजन आसानी से अपना नाम जांच सकें। जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, वे फार्म 6 के तहत आवेदन कर अपना नाम सूची में शामिल करा सकते हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया 6 जनवरी को प्रारंभ हुई थी, जब प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची प्रकाशित की गई थी। इसके बाद दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका गहन परीक्षण और सत्यापन किया गया। सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा करने के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान से पहले जनपद में कुल 31 लाख 53 हजार मतदाता पंजीकृत थे, लेकिन अंतिम सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 27 लाख 30 हजार रह गई है। इस प्रकार करीब 4 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कमी मुख्य रूप से मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने के कारण हुई है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि समय रहते नाम की जांच कर लेने से आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकता है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निर्वाचन विभाग ने पूरे अभियान के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया।