कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने दिया बयान- पद आते-जाते रहते हैं, पार्टी को मजबूत बनाना है
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हुए कहा कि पद आते-जाते रहते हैं। अब उनका उद्देश्य कांग्रेस को मजबूत करना और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को सहयोग देना है। कांग्रेस ने दो अक्टूबर को आराधना मिश्रा को यूपी कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अजय राय ने अपने समर्थकों से भी पार्टी के फैसले को स्वीकार कर मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करें और आराधना मिश्रा मोना को ताकत दें। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का प्यार और सहयोग उनके साथ है। अजय राय ने कहा कि आगे शीर्ष नेतृत्व की ओर से जो आदेश मिलेगा, उसके अनुसार वह काम करेंगे। उन्होंने पार्टी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिम्मेदारी बदलने से कांग्रेस के लिए काम करने का उनका प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने अपने समर्थकों से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि वे किसी तरह की नाराजगी या मतभेद के बजाय संगठन को मजबूत करने में जुटें। अजय राय ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने आगे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है और इसके लिए पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा।