मां ब्रह्मचारिणी का स्वर्णमयी श्रृंगार, 56 व्यंजनों का लगा भोग, अन्नकूट प्रसाद पाकर धन्य हुए भक्त
षोडशोपचार पूजन और श्रीसूक्त मंत्रों से हुआ अभिषेक, दर्शन के लिए मंदिर में उमड़े श्रद्धालु; दिनभर चलेगा प्रसाद वितरण
वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी में अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक और पारंपरिक छटा देखने को मिली। इस अवसर पर मां ब्रह्मचारिणी का स्वर्ण मुखौटे से भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद माता को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। आरती और स्तुति के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। माता के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई।
पंडित राजेश्वर सागर ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की लीला के बाद अन्नकूट उत्सव की शुरुआत हुई थी। इसी परंपरा के तहत कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के विभिन्न मंदिरों में विशेष श्रृंगार और अन्नकूट भोग की परंपरा निभाई जाती है।
उन्होंने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी के पूजन की शुरुआत सुबह षोडशोपचार स्नान से हुई। इसके बाद श्रीसूक्त के मंत्रों के साथ माता का अभिषेक किया गया। विधि-विधान से पूजन संपन्न होने के बाद मां भगवती को नवीन वस्त्र धारण कराए गए और स्वर्ण मुखौटे से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद 56 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का नैवेद्य अर्पित किया गया। आरती और स्तुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने मां ब्रह्मचारिणी के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद पाने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर में प्रसाद वितरण का सिलसिला दिनभर जारी रहने की व्यवस्था की गई है। अन्नकूट महोत्सव के दौरान मां के स्वर्णमयी स्वरूप और 56 भोग के दर्शन को श्रद्धालुओं ने विशेष पुण्यकारी अवसर माना। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजता रहा।