एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुलिस कमिश्नर और डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा
पार्किंग से वीआईपी रूट तक तैयारियां देखी, 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है एयरफोर्स की एयर शो
पुलिस आयुक्त और डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, भीड़ व यातायात प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश
हेलीपैड, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास और सुरक्षा व्यवस्था का होगा पूर्व परीक्षण, वैकल्पिक मार्ग व ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार रखने के निर्देश
वाराणसी। अक्टूबर में 22, 23 और 25 तारीख को प्रस्तावित एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बसंता महिला कॉलेज के पास चिन्हित पार्किंग स्थलों, वीआईपी आवागमन मार्ग, हेलीपैड तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संभावित भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग, रूट और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चिन्हित पार्किंग स्थलों की क्षमता, प्रवेश और निकास मार्ग तथा वाहनों के संचालन की व्यवस्था की जानकारी ली। एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीआईपी रूट का भी लिया जायजा
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने वीआईपी एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्देश दिया गया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही वैकल्पिक मार्गों को चिह्नित कर प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखने को कहा गया, ताकि एयर शो के दौरान यातायात प्रभावित न हो।
अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश
एयर शो स्थल पर प्रवेश करने वाले अधिकृत वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पास जारी करने की प्रक्रिया स्पष्ट रखने और बिना अनुमति वाले वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची
निरीक्षण के दौरान हेलीपैड का भी जायजा लिया गया। पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने हेलीपैड की सुरक्षा, आवागमन, आपातकालीन व्यवस्थाओं और आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने के संबंध में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में आमजन की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पुलिस, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रवेश-निकास बिंदुओं, बैरिकेडिंग, पार्किंग, वीआईपी रूट और सुरक्षा प्लान का पूर्व परीक्षण करने पर भी जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।