एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने परखी काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था, मातहतों को दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में जुटी हुई है। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर तथा उससे जुड़े आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की लाइन प्रबंधन प्रणाली, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और दर्शनार्थियों की सुगम आवाजाही का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर के विभिन्न प्रवेश एवं निकास द्वारों का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और सजगता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरिकेडिंग व्यवस्था, कतार प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कंट्रोल रूम संचालन, सुरक्षा उपकरणों तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की चेकिंग प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मंदिर परिसर की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए लाइन प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों तथा बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग योजना और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित न हो।
निरीक्षण के बाद अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मंदिर के गेट संख्या-04 से मैदागिन चौराहा तक पैदल गश्त भी किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ठेला-खोमचा संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा सड़क किनारे अनावश्यक भीड़ जमा होने से रोका जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य अव्यवस्थित वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और सुरक्षा इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संचालित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मंदिर क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम और ड्यूटी प्वाइंट्स के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए और प्रत्येक गतिविधि की सूचना समय से उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम और अन्य आवश्यक संसाधनों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर क्षेत्र में अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि किसी भी संदिग्ध वाहन, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त बैरिकेडिंग और दिशा संकेतक बोर्ड लगाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी वैभव बैंगर, अपर पुलिस उपायुक्त सुरक्षा, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी सहित संबंधित थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लागू सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी अपर पुलिस आयुक्त को दी।
अंत में कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की गई कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों और यातायात व्यवस्था का पालन करें। दर्शन के लिए निर्धारित कतार और मार्गों का ही उपयोग करें तथा अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन व्यवस्था और यातायात संचालन को प्रभावी बनाए रखने में आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।