एडीसीपी ने मिर्जामुराद में गश्त कर परखी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, दिए निर्देश
वाराणसी। कानून और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती ज़ोन) नृपेन्द्र ने थाना मिर्जामुराद क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ कस्बा मिर्जामुराद के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एडीसीपी ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद कर उन्हें अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और किसी भी घटना के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
एडीसीपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनियमित रूप से खड़े वाहनों पर भी चिंता जताई। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी चालान कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे। इसके अलावा उन्होंने होटल, ढाबों, लॉज और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि संदिग्ध व्यक्तियों, गतिविधियों और बाहरी लोगों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एडीसीपी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने, आमजन से संवाद बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब, प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद सहित थाना क्षेत्र के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।