एडीसीपी ने मिर्जामुराद थाना का किया निरीक्षण, अभिलेखों का रखरखाव, सफाई और मामलों के निस्तारण का जाना हाल, दिए निर्देश 

अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने मिर्जामुराद थाना का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। 
 

वाराणसी। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने मिर्जामुराद थाना का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। 

एडीसीपी ने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, शस्त्रों के रख-रखाव, तकनीकी संसाधनों और संचालन व्यवस्था की स्थिति को परखा। उन्होंने लावारिस वाहनों और जब्त सामान के शीघ्र निस्तारण तथा परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। 

थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों और रजिस्टरों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही मालखाना, बंदीगृह, भोजनालय, आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर, सीसीटीएनएस कक्ष और निर्माणाधीन भवन का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। निर्माणाधीन थाना भवन की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा को लेकर संचालित मिशन शक्ति केन्द्र और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का भी मूल्यांकन किया गया। एडीसीपी ने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण और जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में भ्रमण कर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया।

आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण, लंबित विवेचनाओं को शीघ्र और निष्पक्ष रूप से पूरा करने तथा ई-साक्ष्य (E-Sakshya) प्रणाली के तहत मामलों को समय से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार, बेहतर संवाद और प्रोफेशनल आचरण बनाए रखने की हिदायत दी गई। टीमवर्क को मजबूत करते हुए कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।