काशी की गलियों में घूमी अभिनेत्री भाग्यश्री, पहलवान लस्सी का चखा स्वाद, फैंस की लगी भीड़
वाराणसी। फिल्म "मैंने प्यार किया" से देश भर में लोकप्रिय हुई अभिनेत्री भाग्यश्री इन दिनों धार्मिक नगरी काशी भ्रमण पर हैं। पिछले दो दिनों से वह शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करने के साथ-साथ बनारस के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी आनंद ले रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को वह लंका क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पहलवान लस्सी की दुकान पहुंचीं, जहां उन्होंने बनारस की मशहूर लस्सी का स्वाद लिया।
भाग्यश्री के दुकान पर पहुंचते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशंसकों ने उनकी एक झलक पाने और तस्वीरें लेने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके साथ बाउंसर भी मौजूद रहे, जिन्होंने भीड़ को नियंत्रित किया।
पहलवान लस्सी के संचालक मनोज यादव ने बताया कि अभिनेत्री का उनकी दुकान पर पहुंचना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का पल रहा। उन्होंने बताया कि भाग्यश्री को दुकान की प्रसिद्ध स्पेशल लस्सी परोसी गई, जिसे उन्होंने बड़े चाव से पिया और उसकी जमकर सराहना की।
मनोज यादव के अनुसार, लस्सी पीने के बाद भाग्यश्री ने मुस्कुराते हुए कहा, "पहलवान लस्सी पीजिए और पहलवान बनिए।" उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को खूब पसंद आया। उन्होंने दुकान पर कुछ समय बिताया, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा बनारस की मेहमाननवाजी की भी प्रशंसा की।
गौरतलब है कि भाग्यश्री पिछले दो दिनों से काशी प्रवास पर हैं। इस दौरान वह विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर रही हैं। साथ ही बनारस की समृद्ध खान-पान संस्कृति का आनंद लेते हुए स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी ले रही हैं।
फिल्म अभिनेत्री के पहलवान लस्सी पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाए। कुछ देर रुकने के बाद भाग्यश्री वहां से अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गईं, लेकिन उनके आगमन की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही।