वाराणसी पहुंचे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, समर्थकों की उमड़ी भीड़, महिला आरक्षण पर दिया बड़ा बयान
वाराणसी। बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री रविवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने महिला आरक्षण बिल और मातृशक्ति की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं और अनुयायियों की भीड़ देखने को मिली।
मीडिया से बातचीत के दौरान आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत भूमि आदिकाल से ही मातृशक्ति की पूजक रही है। उन्होंने कहा कि “नारी निंदा मत करो, नारी रत्न की खान है।” उनके अनुसार, समाज और देश की वास्तविक शक्ति मातृशक्ति में निहित है।
महिला आरक्षण बिल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करना समय की मांग है। जब मातृशक्ति मजबूत होगी, तभी देश भी सशक्त बनेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश की उन्नति और विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।
आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी का दर्जा दिया गया है और हमें उसी भाव के साथ उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उनके इस बयान को लेकर उपस्थित लोगों ने समर्थन जताया और मातृशक्ति के सम्मान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की बात कही। वाराणसी में उनके इस दौरे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।