फ्लैट के नाम पर 20 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
वाराणसी। शिवपुर में फ्लैट की खरीद-फरोख्त और लेनदेन के विवाद में धोखाधड़ी, गालीगलौज और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर धमकी देने और दबाव बनाने का भी आरोप है।
शिवपुर निवासी और एमआरयू कंस्ट्रक्शन के संचालक अजीत कुमार राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मोहित श्रीवास्तव और गौरव कुमार सिंह से जान-पहचान थी। आरोप है कि वर्ष 2021 में दोनों के कहने पर एक फ्लैट का बैनामा अपनी मामी अर्पना श्रीवास्तव के नाम कराया था। इसके एवज में किश्तों में 9.75 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
आरोप है कि बैनामे के बाद आरोपियों की नीयत बदल गई और वे रास्ते में रोककर गालीगलौज करने के बाद जान से मारने की धमकी देने लगे। गलत तथ्यों के आधार पर उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया गया। बाद में सुलह के नाम पर गौरव कुमार सिंह के खाते में 9.75 लाख रुपये जमा कराए गए। इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।