गंजारी स्टेडियम में ठेका दिलाने का झांसा देकर 25 लाख की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी। गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परियोजना में मिट्टी पटाई का ठेका दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये हड़पने के आरोप में मिर्जामुराद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी निवासी राजेश सोनकर द्वारा विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा से हुई थी। आरोप है कि प्रवीण कुमार मिश्रा ने स्वयं को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण कार्य से जुड़ी एक कंपनी का अधिकारी बताते हुए उन्हें परियोजना में मिट्टी पटाई का ठेका दिलाने का भरोसा दिया था।
वादी का आरोप है कि आरोपी के आश्वासन पर उन्होंने विभिन्न चरणों में लगभग 19 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम से तथा 6 लाख रुपये नकद दिए। कुल 25 लाख रुपये लेने के बावजूद न तो उन्हें कोई ठेका मिला और न ही उनकी धनराशि वापस की गई। समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने किस्तों में भुगतान करने का भरोसा दिया।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आरोपी ने अपने तथा अपनी पत्नी के नाम से कई चेक भी दिए, लेकिन जब उन्हें बैंक में प्रस्तुत किया गया तो सभी चेक खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गए। इससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
राजेश सोनकर ने यह भी आरोप लगाया है कि रुपये की मांग करने पर आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पहले पुलिस आयुक्त कार्यालय में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
न्यायालय के आदेश के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वादी ने अपने आरोपों के समर्थन में बैंक स्टेटमेंट, चेकों की प्रतियां और अन्य संबंधित दस्तावेज भी न्यायालय में प्रस्तुत किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।