टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग से नकल कराने का आरोपी गिरफ्तार, चेतगंज पुलिस ने बलिया से दबोचा
वाराणसी। टीजीटी परीक्षा में साल्वर गैंग के माध्यम से फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में वांछित एक आरोपी को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र से आरोपी को दबोचकर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुमार पुत्र रवि नारायण, निवासी ग्राम एकसार पिपरौली, थाना उभांव, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज, लहुराबीर के प्रधानाचार्य की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि टीजीटी परीक्षा में मूल अभ्यर्थी की जगह दूसरे व्यक्ति को बैठाकर परीक्षा दिलाई गई थी। इस मामले में फर्जी परीक्षार्थी और उसके एक सहयोगी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान अमन कुमार का नाम सामने आने पर उसकी तलाश की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि परीक्षा पास करने के लिए उसने साल्वर गैंग की मदद ली थी और अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाया था। उसने अपने कृत्य पर पछतावा जताते हुए भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 के तहत दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, एसआई विकल शाण्डिल्य, वैभव शुक्ला और कांस्टेबल प्रशांत तिवारी सर्विलांस सेल शामिल रहे।