धन दोगुना करने के नाम पर 3.61 करोड़ की ठगी, 25 हजार का इनामी आरोपी सूरत से पकड़ाया 

आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) को बड़ी सफलता मिली है। पांच साल में धन दोगुना करने का झांसा देकर 3.61 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आस्था इंटरनेशनल लिमिटेड के निदेशक संतोष किशन सपकाले को ईओडब्ल्यू की टीम ने गुजरात के सूरत स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस उद्यान जहांगीरपुरा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। 
 

वाराणसी। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) को बड़ी सफलता मिली है। पांच साल में धन दोगुना करने का झांसा देकर 3.61 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आस्था इंटरनेशनल लिमिटेड के निदेशक संतोष किशन सपकाले को ईओडब्ल्यू की टीम ने गुजरात के सूरत स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस उद्यान जहांगीरपुरा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। 

ईओडब्ल्यू के अनुसार आरोपी और उसके साथियों ने आस्था इंटरनेशनल लिमिटेड और आस्था होट फार्मिंग इंडिया लिमिटेड के नाम से कंपनियां बनाई थीं। कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन के अनुसार इसका कार्य पशुपालन व लाइव स्टॉक (जैसे बकरी, गाय, भैस, मुर्गी, मछली, सुअर आदि) से संबंधित बताया गया है। 

हालांकि कंपनी के प्रतिनिधियों ने लोगों को भ्रमित कर धन दोगुना करने के नाम पर निवेश करने के लिए योजनाएं संचालित कीं। बिना आरबीआई में पंजीकरण कराए गैर बैंकिंग वित्तीय गतिविधियां संचालित कर आरबीआई एक्ट का उल्लंघन किया। कंपनी ने वाराणसी समेत पूर्वांचल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को निशाना बनाया। 

निवेशकों से बॉंड के माध्यम से पैसे लिए गए। उन्हें पांच साल में पैसे दोगुना होने का लालच दिया गया। अवधि बीतने के बाद भी धनराशि लौटाई नहीं गई। जो चेक दिए गए वे भी बाउंस हो गए। इस तरह निवेशकों के 3,61,42,005 रुपये का गबन किया गया। कई नामजद आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है।