अभिषेक शर्मा को लगी नजर? सुपर-8 मुकाबले से पहले काशी के पिशाच मोचन में तंत्र पूजा, फैन्स बोले- आज गरजेगा बल्ला
वाराणसी। वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का विजय रथ भले ही आगे बढ़ रहा हो, लेकिन युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का लगातार शून्य पर आउट होना क्रिकेट प्रेमियों को मायूस कर रहा है। ऐसे में काशी में उनके प्रशंसकों ने विशेष तंत्र पूजा कर ‘नजर बाधा’ दूर करने का दावा किया है।
वाराणसी के प्रसिद्ध पिशाच मोचन मंदिर में अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी के लिए अनुष्ठान किया गया। पूजा में उनके पोस्टर पर तिलक लगाया गया, नींबू पर उनका नाम लिखकर उसे काटा गया और पांच लौंग व कपूर उतारकर अग्नि को समर्पित किया गया। साथ ही बाबा मसान नाथ के नाम से माला फेरकर विशेष प्रार्थना की गई।
“नजर और टोटका की बाधा दूर की गई”
पूजा कराने वाले पुजारी और मौजूद फैन्स का मानना है कि अभिषेक शर्मा को नजर लग गई है या उन पर किसी प्रकार का टोटका किया गया है, जिसके कारण उनका बल्ला नहीं चल पा रहा। अनुष्ठान के माध्यम से इन बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया गया है।
फैन्स का कहना है कि यह आस्था और विश्वास का विषय है। उनका विश्वास है कि काशी की इस तांत्रिक पूजा के बाद अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन बेहतर होगा और वह टीम इंडिया के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से मुकाबला
बताया जा रहा है कि आज टीम इंडिया सुपर-8 का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलने जा रही है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा का बल्ला भी आज जमकर बोलेगा।
काशी में हुए इस अनुष्ठान ने खेल और आस्था के अनोखे संगम को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजरें मैदान पर होंगी कि क्या इस पूजा के बाद अभिषेक शर्मा अपने फॉर्म में वापसी कर पाते हैं या नहीं।