बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आप नेता संजय सिंह की पदयात्रा, केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अपनी आगामी पदयात्रा और पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह 16 जनवरी से 22 जनवरी तक मिर्जापुर से वाराणसी के सारनाथ तक पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में युवाओं के साथ छल किया जा रहा है। नौजवानों को रोजगार देने के वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो पर्याप्त नौकरियां दे पा रही है और न ही बेरोजगारी कम करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसके साथ ही उन्होंने दलितों और पिछड़े वर्गों के साथ आरक्षण के नाम पर हो रहे भेदभाव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि सामाजिक न्याय केवल कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि वास्तविकता में वंचित वर्गों को उनके अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में संजय सिंह ने हाल ही में शाहरुख खान से जुड़े एक विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि शाहरुख खान द्वारा किसी विदेशी खिलाड़ी को खरीदे जाने पर आपत्ति जताई जा रही है, तो फिर यह भी देखा जाना चाहिए कि देश की सरकार के करीबी उद्योगपति अदानी द्वारा बांग्लादेश जैसे देश को बिजली की आपूर्ति की जा रही है, जहां हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। सरकार इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दे रही है। कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेले जाते हैं, जिस पर किसी को आपत्ति नहीं होती। ऐसे में केवल शाहरुख खान के मामले में विरोध करना दोहरे मापदंड को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मुद्दे पर वे देवकीनंदन ठाकुर के बयान के साथ खड़े हैं।
संजय सिंह ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव पूरी मजबूती और गंभीर तैयारी के साथ लड़ेगी। पार्टी का फोकस स्थानीय मुद्दों और जनता की समस्याओं पर रहेगा। वहीं, आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी रणनीति बाद में सार्वजनिक करेगी। अंत में संजय सिंह ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य जनता की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाना है और उनकी पदयात्रा इसी संकल्प का हिस्सा है।