काशी विश्वनाथ मंदिर गेट के पास महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, शाहजहांपुर का निवासी है आरोपी
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-3 के पास आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणी करने तथा अश्लील इशारे करने के आरोप में चौक पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमन गुप्ता (22) पुत्र गोपाल गुप्ता, निवासी चौकसी मुन्नू गंज फाटक, राजन कुआं, थाना कोतवाली, जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 22 अक्टूबर को मिशन शक्ति फेज-6.0 और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान की गई। चौक थाने की महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा महिला पुलिसकर्मियों संजू देवी और खुशबू के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रही थीं। इसी दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-3 के पास कुछ महिलाओं और युवतियों ने एक युवक की हरकतों की शिकायत की।
शिकायत के मुताबिक, हल्के हरे रंग की शर्ट और नीली जींस पहने युवक गली में खड़ा होकर वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल कर रहा था और अश्लील इशारे कर रहा था। इससे रास्ते से आने-जाने वाली महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़ा
महिलाओं की शिकायत मिलने के बाद महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा पुलिस टीम के साथ गेट नंबर-3 के पास स्थित गली में पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने कुछ दूरी पर मकान की आड़ में रहकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान शिकायत में बताए गए हुलिये का एक युवक महिलाओं को देखकर कथित रूप से अश्लील इशारे करता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी अमन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना चौक, कमिश्नरेट वाराणसी में मुकदमा संख्या 0173/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा, उपनिरीक्षक सुमित, महिला आरक्षी संजू देवी और खुशबू तथा आरक्षी अजीत कुमार यादव शामिल रहे।