हरहुआ बाजार में महिलाओं पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम ने की त्वरित कार्रवाई

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बड़ागांव थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने हरहुआ बाजार से महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
 

वाराणसी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बड़ागांव थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने हरहुआ बाजार से महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना बड़ागांव की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर नियमित भ्रमण और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरहुआ बाजार में एक व्यक्ति आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसकर उन्हें परेशान कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां आरोपी महिलाओं के प्रति अशोभनीय और अभद्र टिप्पणियां करते हुए पाया गया। पुलिस ने बिना देर किए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजू कुमार निवासी ग्राम अमीनी, थाना मिर्जामुराद, जनपद वाराणसी बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने कृत्य पर क्षमा भी मांगी, लेकिन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

थाना बड़ागांव में आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 285/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को थाना बड़ागांव की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने अंजाम दिया। टीम में महिला उपनिरीक्षक अंकिता सिंह, महिला आरक्षी मनीषा पटेल, आरक्षी मुकेश चौहान और आरक्षी अभिषेक शाही शामिल रहे।