जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए युवक की गोमती नदी में डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

जौनपुर में गोमती नदी में स्नान के दौरान डूबने से मिर्जामुराद क्षेत्र के एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम युवक का शव बरामद होने के बाद परिजन जौनपुर के लिए रवाना हो गए।

 

वाराणसी। जौनपुर में गोमती नदी में स्नान के दौरान डूबने से मिर्जामुराद क्षेत्र के एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम युवक का शव बरामद होने के बाद परिजन जौनपुर के लिए रवाना हो गए।

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमीनी गांव निवासी नीतीश कुमार विश्वकर्मा शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों के साथ जौनपुर में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि उसने सुबह करीब 10 बजे दोस्तों पतालू, किशन और सचिन के साथ जौनपुर जाने की बात कही थी। उसके चाचा दिनेश कुमार ने उसे इतनी दूर जाने से मना भी किया था, लेकिन वह दोस्तों के साथ चला गया।

जौनपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोमती नदी के सद्भावना पुल के पास विसर्जन घाट पर नीतीश अपने स्थानीय मित्र दिलीप पटेल समेत छह युवकों के साथ स्नान करने गया था। इसी दौरान सभी युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन नीतीश कुमार और दिलीप पटेल नदी की तेज धारा में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा खोज अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। नीतीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्राम प्रधान अनिल कुमार के साथ परिजन जौनपुर पहुंच गए। बताया जाता है कि नीतीश मुंबई में रहकर काम करता था और अपने परिवार की आर्थिक सहायता करता था। वह दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। वर्ष 2021 में उसकी मां का निधन हो गया था।