वाराणसी स्टेशन पर धराया शातिर चोर, चोरी के छह मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

वाराणसी जंक्शन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चोरी के छह मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पकड़ा गया आरोपित वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया सट्टी कज्जाकपुरा निवासी सनी राजभर (22) है। पुलिस के अनुसार वह स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेनों से मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर उन्हें बेचता था।
 

वाराणसी। वाराणसी जंक्शन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चोरी के छह मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पकड़ा गया आरोपित वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया सट्टी कज्जाकपुरा निवासी सनी राजभर (22) है। पुलिस के अनुसार वह स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेनों से मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर उन्हें बेचता था।

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में चौकी प्रभारी काशी श्रीकांत यादव, उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह और पुलिसकर्मी आरपीएफ की टीम के साथ वाराणसी जंक्शन पर गश्त और संदिग्धों की जांच कर रहे थे। प्लेटफार्म नंबर नौ के काशी साइड आउटर छोर की ओर रोलिंग हट के पास एक युवक पुलिस टीम को देखकर सकपका गया और भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

जेब और बैग से मिले छह मोबाइल
तलाशी में उसकी पैंट की जेब से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन मिला। जांच में यह मोबाइल जीआरपी कैंट थाने में दर्ज मुकदमे से संबंधित पाया गया। इसके बाद उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो पांच अन्य मोबाइल बरामद हुए। इनमें दो ओप्पो, एक इनफिनिक्स, एक वीवो और एक सैमसंग गैलेक्सी ए13 मोबाइल शामिल हैं।

ट्रेनों से चोरी की बात स्वीकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने वाराणसी जंक्शन, काशी स्टेशन के आउटर और आसपास के स्टेशनों पर आने-जाने वाली ट्रेनों से मोबाइल व बैग चोरी-छिनैती करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक वह चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था, तभी पकड़ा गया। बरामद छह मोबाइल में एक मोबाइल मुकदमा संख्या 43/2026 से संबंधित मिला, जबकि अन्य पांच मोबाइल के संबंध में जीआरपी कैंट थाने में मुकदमा संख्या 283/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया।