रवींद्रपुरी पेट्रोल पंप पर अचानक उमड़ी भीड़, अफवाहों के चलते लोगों ने कराई टंकी फुल, पंप संचालक ने कहा—पेट्रोल की कोई कमी नहीं

वाराणसी। रवींद्रपुरी क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार को अचानक भारी भीड़ देखने को मिली। पेट्रोल की कीमतों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी या कमी की कोई आधिकारिक सूचना न होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के साथ पंप पर पहुंच गए। हालात ऐसे हो गए कि पंप परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया और लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
 
टंकी फुल के साथ अतिरिक्त पेट्रोल भी भरवाने लगे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर तीन मशीनों से लगातार पेट्रोल भरा जा रहा था, फिर भी भीड़ कम नहीं हो रही थी। कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त पेट्रोल भी भरवाते नजर आए, जिससे भीड़ और बढ़ती चली गई।

पंप संचालक ने कहा—पेट्रोल की कोई कमी नहीं
पेट्रोल पंप संचालक ने साफ किया कि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और सभी ग्राहकों को सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से अधिक पेट्रोल न भरवाएं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें।

किसी को 8 मिनट, तो किसी को आधा घंटा लगा
पंप पर मौजूद एक ग्राहक ने बताया कि उन्हें 7 से 8 मिनट के भीतर आसानी से पेट्रोल मिल गया और कोई परेशानी नहीं हुई। वहीं, शिवपुरी निवासी मौसम नामक युवक ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें लगभग आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

अफवाहों से बढ़ी चिंता, प्रशासन से स्पष्ट जानकारी की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण ही यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर समय-समय पर स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि ऐसी अफवाहों और घबराहट से बचा जा सके।

जरूरत से ज्यादा घबराहट बन रही परेशानी की वजह
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि बिना पुष्टि की जानकारी और अफवाहें किस तरह आम लोगों के बीच अनावश्यक डर और परेशानी पैदा कर सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे समय में लोगों को संयम और जागरूकता बनाए रखना बेहद जरूरी है।