नई दिल्ली-सुपौल के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, वाराणसी जंक्शन पर होगा ठहराव
वाराणसी। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और सुपौल के बीच प्रतिदिन आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली–सुपौल–नई दिल्ली आरक्षित विशेष एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस विशेष ट्रेन का वाराणसी जंक्शन पर भी ठहराव रहेगा, जिससे पूर्वांचल और बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली से 6 अगस्त से 30 सितंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन कुल 56 फेरे लगाएगी। वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04071 सुपौल से 7 अगस्त से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन चलेगी और कुल 56 फेरे पूरे करेगी।
समय-सारिणी के अनुसार, नई दिल्ली से ट्रेन रात 9:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:35 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद 2:45 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं, सुपौल से सुबह 7:45 बजे चलने वाली ट्रेन रात 10:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी और 10:40 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष एक्सप्रेस में कुल 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें 2 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज) कोच शामिल हैं, जिससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को पर्याप्त सीट उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
यह विशेष ट्रेन नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, टुंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, वाराणसी जंक्शन, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर जंक्शन, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा जंक्शन होते हुए सुपौल तक जाएगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से त्योहारों और अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।