शिवपुर की कुंदन नगर कॉलोनी में 17.55 लाख से बनेगी सड़क, आयुष मंत्री ने किया शिलान्यास
वाराणसी। शिवपुर वार्ड के कुंदन नगर कॉलोनी में सड़क निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना (वर्ष 2025-26) के तहत 17.55 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
शिवपुर वार्ड के 3-कुंदन नगर कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्री ने नारियल फोड़कर और कुमकुम-तिलक लगाकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड वाराणसी को सौंपी गई है।
सड़क का निर्माण सत्येंद्र गौतम के मकान संख्या 16/27 के-63 से शुरू होकर विवेक पांडेय के मकान के रास्ते नीतू शुक्ला के मकान तक कराया जाएगा। इसके निर्माण पर कुल 17.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क बनने से कॉलोनी के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के प्रति आभार जताया।
काशी की हर गली और कॉलोनी का विकास संकल्प
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि काशी की हर गली और हर कॉलोनी का विकास हो। कुंदन नगर की सड़क स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी। 17.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सांसद निधि से काशी में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सभी के सहयोग से काशी को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, भूपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी, नितेश मौर्य, उर्मिला शर्मा, रागिनी यादव, अर्चना सेठ, सूरज सेठ, पवन जायसवाल, ऋषभ कपूर, पवन पासी, कुलदीप त्रिपाठी, राजकुमार यादव, विकास झा, डॉ. राम पांडेय समेत भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद और कॉलोनी के नागरिक मौजूद रहे।