वाराणसी पुलिस लाइन में बना नया गोपनीय कार्यालय, गर्मी में पुलिसकर्मियों की प्यास बुझाने को लगे वाटर कूलर, पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन 

पुलिस कमिश्नरेट में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा कैंप कार्यालय, यातायात लाइन, पुलिस लाइन और कोतवाली थाना परिसर में कराए गए नव-निर्माण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल से पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण में सुधार के साथ-साथ आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
 

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा कैंप कार्यालय, यातायात लाइन, पुलिस लाइन और कोतवाली थाना परिसर में कराए गए नव-निर्माण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल से पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण में सुधार के साथ-साथ आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

कैंप कार्यालय में नवनिर्मित गोपनीय कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। यह कार्यालय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और गोपनीयता के उच्च मानकों के अनुरूप संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे संवेदनशील सूचनाओं के सुरक्षित प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ेगी।

इसके बाद यातायात लाइन में नवनिर्मित वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। विशेषकर भीषण गर्मी के दौरान यह व्यवस्था उनके स्वास्थ्य संरक्षण और कार्यक्षमता बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इस कार्य के बाद परिसर को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप प्राप्त हुआ है। इससे पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण एवं परेड की गुणवत्ता में सुधार आएगा। साथ ही परिसर में स्वच्छता, हरियाली और नियमित रखरखाव से अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण तैयार होगा।

इसके अतिरिक्त कोतवाली थाना परिसर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। इससे थाना परिसर को साफ-सुथरा, आधुनिक और व्यवस्थित रूप मिला है। इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा, जिन्हें अब अधिक सुगम और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं मुख्यालय प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर तथा सहायक पुलिस आयुक्त लाइन ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।