गंगापुर नगर पंचायत में विकास की नई सौगात, रोहनिया विधायक ने दो करोड़ की 28 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

आदर्श नगर पंचायत गंगापुर में बुधवार को विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने नगर पंचायत अध्यक्ष स्नेह लता सेठ के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। समारोह की अध्यक्षता चेयरमैन स्नेह लता सेठ ने की, जबकि कार्यक्रम की देखरेख प्रतिनिधि संतोष सेठ एवं सत्यम सेठ द्वारा की गई।
 

वाराणसी। आदर्श नगर पंचायत गंगापुर में बुधवार को विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने नगर पंचायत अध्यक्ष स्नेह लता सेठ के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। समारोह की अध्यक्षता चेयरमैन स्नेह लता सेठ ने की, जबकि कार्यक्रम की देखरेख प्रतिनिधि संतोष सेठ एवं सत्यम सेठ द्वारा की गई।

लोकार्पित परियोजनाओं में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, सीसी रोड, अंडरग्राउंड जल निकासी व्यवस्था, सभागार का नवीनीकरण, स्टोर रूम निर्माण, विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर की स्थापना तथा ओपन जिम जैसे जनहित से जुड़े अनेक कार्य शामिल रहे। इन विकास कार्यों के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाकर जनता को सीधा लाभ देना ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने नगर पंचायत गंगापुर द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में तेजी से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सड़क, जल निकासी और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य किसी भी नगर के विकास की पहचान होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन स्नेह लता सेठ ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने पर सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनकी टीम लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाओं को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुन्दर और सुविधायुक्त बनाना है।

समारोह में आए अतिथियों का स्वागत प्रतिनिधि संतोष सेठ और सत्यम सेठ ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान विजय राजभर ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष विजय राज यादव, जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।