वाराणसी में 64 करोड़ से बनेगा कमिश्नरेट पुलिस का नया भवन, नौ मंजिला भवन में होंगी तमाम सुविधाएं

पुलिस कमिश्नरेट के नए भवन के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस लाइन के सामने परिवहन कार्यशाला परिसर में करीब 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नौ मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस भवन में पुलिस आयुक्त, दोनों अपर पुलिस आयुक्त और मुख्यालय स्तर के अधिकारियों के कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे।
 

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के नए भवन के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस लाइन के सामने परिवहन कार्यशाला परिसर में करीब 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नौ मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस भवन में पुलिस आयुक्त, दोनों अपर पुलिस आयुक्त और मुख्यालय स्तर के अधिकारियों के कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे।

परियोजना पर करीब 64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भवन के निर्माण के लिए 22.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। पुराने पुलिस भवन को ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। नए कमिश्नरेट भवन में अधिकारियों और आम जनता के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय, दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट और एक्सेस की विशेष व्यवस्था होगी। भवन में आधुनिक हॉल, बैठक कक्ष, प्रशिक्षण कक्ष और अभिलेख कक्ष भी बनाए जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस लाइन की कार्यप्रणाली और नए भवन निर्माण के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह भवन कमिश्नरेट प्रणाली को और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगा। साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए भी पुलिस विशेष कार्ययोजना तैयार कर रही है। डिजिटल ट्रांजेक्शन में बढ़ोतरी के साथ साइबर ठगी के मामले बढ़े हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा और साइबर अपराधियों पर तकनीकी निगरानी बढ़ाई जाएगी।