वाराणसी कोषागार में 40 लाख से बना आधुनिक पेंशनर्स कक्ष, प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया लोकार्पण
वाराणसी। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार कार्यालय परिसर में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने इस सुविधा को सरकार की जनकल्याणकारी सोच और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि लंबे समय से कोषागार में अपने कार्यों के लिए आने वाले पेंशनभोगियों की यह मांग रही थी कि उनके बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए एक समुचित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जाए। पहले बुजुर्ग पेंशनर्स को घंटों तक खुले स्थान पर इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें गर्मी, धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सरकार ने इस आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस पेंशनर्स कक्ष का निर्माण कराया है।
उन्होंने बताया कि नव निर्मित पेंशनर्स कक्ष में एक समय में 100 से अधिक पेंशनभोगी आराम से बैठ सकेंगे। इससे कोषागार आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था प्रदेश के अन्य जिलों में भी विकसित की जा रही है, ताकि सभी पेंशनभोगियों को समान रूप से सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
सुरेश खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय प्रदेश और देश की सेवा में समर्पित किया है, इसलिए उनके सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह ने बताया कि पेंशनर्स कक्ष को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे प्रतीक्षा के दौरान पेंशनभोगियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कोषागार की सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव, जिला मंत्री श्याम राज यादव, एस.डी. मिश्रा, राजेश्वर पांडे, अशोक सिंह, रामचंद्र गुप्ता, अवध नारायण पांडे, प्रियांशु मौर्य, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक एवं कोषागार विभाग के अधिकारी, पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनभोगी उपस्थित रहे।