मदनपुरा इलाके में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, फायरब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर, लोगों को सुरक्षित निकाला 

शहर के मदनपुरा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर करीब दो बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू, वाइपर और पेंट की दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पहली मंजिल पर स्थित सोने-चांदी की दुकान और दूसरी मंजिल पर चल रहे होटल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 15 मिनट में पूरी इमारत से ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर और गंगा के दूसरे किनारे से भी दिखाई दिया।
 

वाराणसी। शहर के मदनपुरा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर करीब दो बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू, वाइपर और पेंट की दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पहली मंजिल पर स्थित सोने-चांदी की दुकान और दूसरी मंजिल पर चल रहे होटल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 15 मिनट में पूरी इमारत से ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर और गंगा के दूसरे किनारे से भी दिखाई दिया।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इमारत के भीतर एक युवक के फंसे होने की सूचना पर अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, अंदर कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर राहत और बचाव कार्य जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पेंट और झाड़ू की दुकान में लगी। दुकान में रखे ज्वलनशील पेंट और अन्य सामान के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इसके बाद लपटें ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गईं। इमारत की दीवारों पर लगे फोल्डिंग के कारण भी आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मी ऑक्सीजन टैंक और सुरक्षा उपकरणों के साथ इमारत में प्रवेश कर बचाव अभियान में जुटे रहे। आग की तपिश और लपटों के कारण इमारत की हालत भी जर्जर होती नजर आई। आसपास घनी आबादी और मकान होने से आग के दूसरी इमारतों तक फैलने का खतरा बना रहा।

घटनास्थल के आसपास बैंक, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। कुछ दूरी पर सोफा और अलमारी का बाजार भी है। ऐसे में आग को नियंत्रित करना दमकलकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों को बंद कर यातायात डायवर्ट कर दिया। लोगों और वाहनों की आवाजाही रोककर भीड़ को आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा गया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी लगे रहे।