सिगरा में जुए के अड्डे पर SOG-2 की रेड, 47 लोग गिरफ्तार, 10 लाख से अधिक नकदी, कई वाहन और 50 से ज्यादा मोबाइल बरामद, गैंगस्टर के साथ होगी कुर्की की कार्रवाई 

सिगरा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने जुए के बड़े फड़ पर छापा मारकर खलबली मचा दी। कुबेर कांप्लेक्स के सामने स्थित एक फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना पर SOG-2 और सिगरा पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने उसे तोड़कर प्रवेश किया और मौके से एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के रथयात्रा-कुबेर कांप्लेक्स के सामने बुधवार को पुलिस और SOG-2 की संयुक्त टीम ने जुए के बड़े अड्डे पर छापा मारकर 47 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 लाख रुपये से अधिक नकदी, कई वाहन और 50 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मकान के भीतर बड़े स्तर पर जुए का संचालन किए जाने की सूचना पर कई दिनों की रेकी के बाद पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाकर टीम ने अंदर प्रवेश किया।

 

बाहर ताला, अंदर चल रहा था जुए का फड़
डीसीपी नीतू ने बताया कि सिगरा क्षेत्र में लगातार जुए के संचालन की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने रथयात्रा क्षेत्र स्थित एक मकान की कई दिनों तक रेकी की। बाहर से मकान पर ताला लगा रहता था, जबकि पुलिस को संदेह था कि अंदर जुए का अड्डा संचालित हो रहा है। बुधवार को मकान में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की पुष्टि होने के बाद SOG-2 को कार्रवाई के लिए लगाया गया। टीम ने मकान पर छापा मारा तो अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद मिले। पुलिस ने मौके से 47 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बरामद नकदी और अन्य सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

SOG-2 गठन के बाद सबसे बड़ी कार्रवाई
डीसीपी के अनुसार SOG-2 के गठन के बाद यह उसकी सबसे बड़ी रेड बताई जा रही है। कार्रवाई में 10 लाख रुपये से अधिक नकदी के साथ कई वाहन और 50 से अधिक मोबाइल बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि मकान काफी बड़ा है और उसकी पूरी तलाशी अभी की जा रही है। तलाशी के दौरान अन्य सामान और साक्ष्य मिलने की संभावना है।

 

विशाल सिंह ने लिया था मकान लीज पर
पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल सिंह नामक व्यक्ति ने उक्त मकान लीज पर लिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जुए के फड़ का संचालन कौन कर रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। विशाल सिंह की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

गैंगस्टर और संपत्ति कुर्की की तैयारी
डीसीपी नीतू ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार लोगों में वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों के युवक भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया भी की जाएगी।