वाराणसी के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, 4 जुलाई को लगेगा निःशुल्क रोजगार मेला, 10 कंपनियां करेंगी विभिन्न पदों पर भर्ती

जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 4 जुलाई (शनिवार) को एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सुबह 11:30 बजे अपना बायोडाटा लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है।
 

वाराणसी। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 4 जुलाई (शनिवार) को एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सुबह 11:30 बजे अपना बायोडाटा लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है।

रोजगार मेले में लगभग 10 प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और सुरक्षा, आतिथ्य, निर्माण, सर्वेक्षण, मानव संसाधन तथा कार्यालयी कार्यों से जुड़े विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी।

मेले में एन.एस.एस. सिक्योरिटी सर्विसेज द्वारा टाटा एयरपोर्ट, रांची एयरपोर्ट और गया एयरपोर्ट के लिए सिक्योरिटी गार्ड एवं ड्राइवर पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण, 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को 19 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

वहीं, टाटा स्ट्राइव की ओर से फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, रेस्टोरेंट मैनेजर और किचन स्टाफ जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण तथा 18 से 35 वर्ष आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

इसके अलावा ट्राई फोर्स कंपनी हेल्पर, राजमिस्त्री और बढ़ई मिस्त्री के पदों के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण तथा 18 से 40 वर्ष आयु के युवाओं का चयन करेगी। इन पदों पर 14 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।

आर.एस.जी. कंपनी सर्वे एग्जीक्यूटिव, सुपरवाइजर, एचआर मैनेजर और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे पदों पर भर्ती करेगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक योग्यता वाले 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 24 हजार रुपये तक का मासिक वेतन मिलेगा।


रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ अद्यतन बायोडाटा तथा आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां लेकर आना चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।