बनारस से दिल्ली जा रही डबल डेकर स्लीपर बस बदायूं में पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल, एक युवक का कटा पैर, मची चीख पुकार
बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में वाराणसी से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर है। एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे का पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह साढ़े पांच बजे हुआ हादसा
हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के नौली हरनाथपुर गांव के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का नियंत्रण बस से हट गया और डबल डेकर बस सड़क पर पलट गई। पलटने के बाद बस काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उसमें बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
ड्राइवर को आई नींद, यात्रियों ने पहले ही किया था आगाह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक करीब 400 किलोमीटर से लगातार वाहन चला रहा था। रास्ते में कई यात्रियों ने उसकी थकान और झपकी को देखकर सावधान भी किया था, लेकिन चालक ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस शुरुआती तौर पर चालक को आई नींद और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह मान रही है।
एक युवक का पैर कटा, कई गंभीर रूप से घायल
हादसे में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर का पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। गंभीर घायलों में उत्तराखंड निवासी तजवर सिंह (30), प्रयागराज के समर (9) और अभिषेक (15) तथा अली अहमद (35) शामिल हैं। इनमें से कई को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तीन यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। सूचना पर वजीरगंज थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भेजा गया।
एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल
दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य भी घायल हुए हैं। अन्य घायलों में दिल्ली के जसविंदर सिंह, राजेश कुमार और निशा, प्रयागराज के यश और आशीष सिंह, हरियाणा की ज्योति, राजबाला, आशा और संदीप, उत्तराखंड के सुरेश, वाराणसी के विशाल और जगदीश कुमार, मेरठ के आदेश शर्मा तथा आजमगढ़ के रत्नाकर वर्मा, अंकित और विराज सहित कई यात्री शामिल हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की थकान, लंबी दूरी की लगातार ड्राइविंग और तेज रफ्तार की भूमिका की जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी के रूटों पर चालक सुरक्षा और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।