क्रिकेट मैच बना रणक्षेत्र : वाराणसी की नई बस्ती में जमकर बवाल, महिलाओं से अभद्रता का आरोप

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, ईंट-पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
 

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, ईंट-पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नई बस्ती निवासी अभय प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ सोमवार शाम करीब छह बजे मां काली लॉन परिसर में क्रिकेट मैच खेल रहे थे। इसी दौरान विपक्षी युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने बिना किसी स्पष्ट कारण के खिलाड़ियों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। अचानक हुए हमले से खेल रहे युवक इधर-उधर भागने लगे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज की। इससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

अभय प्रताप सिंह के मुताबिक मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी अपनी एक गाड़ी मौके पर छोड़ गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना लालपुर-पांडेयपुर में लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।