बीएचयू गेट पर युवती से छेड़छाड़ का मामला, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, साथी फरार
वाराणसी। बीएचयू के हैदराबाद गेट के पास एक युवती से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही समय में आरोपी तक पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को बीएचयू कैंपस से सटे हैदराबाद गेट के पास स्कॉर्पियो सवार कुछ युवक गुजर रही एक युवती पर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां करने लगे। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। स्थिति को गंभीर होते देख युवती ने साहस का परिचय देते हुए न सिर्फ शोर मचाया, बल्कि अपने मोबाइल फोन से आरोपियों और उनकी गाड़ी का वीडियो भी बना लिया।
युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। हालांकि, युवती द्वारा बनाया गया वीडियो इस घटना का अहम सबूत बन गया। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर स्कॉर्पियो वाहन की पहचान की और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए आरोपियों का पता लगाया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी दीप नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय वाहन में एक और युवक मौजूद था, जो फिलहाल फरार है। उसकी पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।