दाखिल-खारिज की रिपोर्ट के लिए एक लाख की रिश्वत, लेखपाल का निजी मुंशी गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा, लेखपाल कुन्दन सिंह की तलाश
वाराणसी। पुश्तैनी जमीन की बिक्री के बाद दाखिल-खारिज की रिपोर्ट लगाने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई की। टीम ने यूपी कॉलेज गेट के अंदर इंडियन बैंक के पास कथित रूप से रिश्वत लेते लेखपाल के निजी मुंशी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लाख रुपये बरामद करने का दावा किया गया है। मामले में संबंधित लेखपाल कुन्दन सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
दाखिल-खारिज की रिपोर्ट के लिए मांगी थी रकम
एंटी करप्शन विभाग के अनुसार, कमल कान्त विक्रम पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी जैपार (उन्दी), थाना शिवपुर ने 21 सितंबर को लिखित शिकायत की थी। शिकायतकर्ता के पिता ने पुश्तैनी जमीन की बिक्री के बाद दाखिल-खारिज के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि रिपोर्ट लगाने के एवज में क्षेत्रीय लेखपाल कुन्दन सिंह एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच और आरोपों की पुष्टि की प्रक्रिया शुरू की।
निजी मुंशी को रकम लेने के लिए भेजने का आरोप
विभाग के मुताबिक, 22 सितंबर को शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच फोन पर बातचीत हुई। आरोप है कि इस दौरान लेखपाल ने अपने निजी मुंशी अशोक कुमार का मोबाइल नंबर देकर उससे संपर्क करने को कहा। इसके बाद अशोक ने शिकायतकर्ता को यूपी कॉलेज गेट के अंदर इंडियन बैंक के पास बुलाया। वहां कथित रूप से दाखिल-खारिज की रिपोर्ट के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता द्वारा रकम दिए जाने के दौरान एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल में बातचीत की रिकॉर्डिंग
एंटी करप्शन टीम के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। उसमें अशोक और लेखपाल कुन्दन सिंह के बीच कथित रिश्वत लेन-देन से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग है। अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी। पूछताछ में अशोक ने कथित तौर पर बताया कि लेखपाल ने उसे रिश्वत की रकम लेने के लिए भेजा था।
लेखपाल की तलाश
आरोपित लेखपाल कुन्दन सिंह वर्तमान में सीरगोवर्धनपुर क्षेत्र, तहसील सदर में हल्का लेखपाल के पद पर तैनात बताया गया है। एंटी करप्शन टीम ने उसकी तलाश में तहसील सदर समेत अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गिरफ्तार अशोक कुमार और वांछित लेखपाल कुन्दन सिंह के खिलाफ कैंट थाने में विधिक कार्रवाई की जा रही है।