कैंटोनमेंट में बनेगा जैव विविधता पार्क, नगर आयुक्त ने परखी परियोजना की रूपरेखा

काशी में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में एक और पहल होने जा रही है। कैंटोनमेंट क्षेत्र में प्रस्तावित जैव विविधता पार्क (बायोडायवर्सिटी पार्क) को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने प्रस्तावित परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की रूपरेखा, स्थल की भौगोलिक स्थिति और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की।
 

पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण को मिलेगा बढ़ावा, गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश

वाराणसी। काशी में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में एक और पहल होने जा रही है। कैंटोनमेंट क्षेत्र में प्रस्तावित जैव विविधता पार्क (बायोडायवर्सिटी पार्क) को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने प्रस्तावित परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की रूपरेखा, स्थल की भौगोलिक स्थिति और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्क के विकास में पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। परियोजना को इस तरह विकसित करने पर जोर दिया गया, जिससे इसकी उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे और यह शहर के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में योगदान दे सके।

हरित क्षेत्र के विकास पर जोर
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि बायोडायवर्सिटी पार्क वाराणसी में पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण में गुणवत्ता, दीर्घकालिक उपयोगिता और व्यावहारिकता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने परियोजना की योजना और क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई करने को कहा। इस परियोजना के विकसित होने से कैंटोनमेंट क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा मिलने और शहर में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को मजबूत करने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी सहित नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।