मंडलीय चिकित्सालय में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल, प्रधानमंत्री कर सकते हैं शिलान्यास, पूर्वांचल के मरीजों को होगा लाभ  

काशीवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ी सौगात मिलने की संभावना है। कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के परिसर में 500 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का शिलान्यास प्रधानमंत्री के आगामी दौरे में किया जा सकता है। इस परियोजना के लिए करीब 315.48 करोड़ रुपये के बजट खर्च होगा।
 

वाराणसी। काशीवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ी सौगात मिलने की संभावना है। कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय के परिसर में 500 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का शिलान्यास प्रधानमंत्री के आगामी दौरे में किया जा सकता है। इस परियोजना के लिए करीब 315.48 करोड़ रुपये के बजट खर्च होगा।

प्रस्तावित मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने से पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त वित्त पोषण से यह परियोजना तैयार की जा रही है।

अस्पताल का निर्माण कंस्ट्रक्शन मोड पर कराया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी एक नामित एजेंसी को सौंपी गई है। योजना के तहत अस्पताल परिसर में दो मुख्य इमारतें बनाई जाएंगी, जिनमें एक जी+8 और दूसरी जी+2 मंजिल की होगी। डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए 14 मंजिला आवासीय भवन भी प्रस्तावित है।

अस्पताल में प्रवेश और निकास के लिए दो अलग-अलग मार्ग बनाए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके अलावा आधुनिक तकनीक से लैस स्टैक पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां एक साथ करीब 600 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

इधर, प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महिला सम्मेलन के लिए पंडाल निर्माण का सामान भी वाराणसी पहुंच चुका है और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान इस अस्पताल के साथ-साथ कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी कर सकते हैं, जिससे काशी के विकास को नई गति मिलेगी।