रामनगर पीएसी परिसर ग्राउंड में फहराया गया 40 फीट ऊंचा तिरंगा, राष्ट्रभक्ति का गूंजा संदेश 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामनगर स्थित 36वीं वाहिनी पीएसी परिसर में शनिवार को देशभक्ति और शहीदों के सम्मान से जुड़ा भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पीएसी तिराहा पार्क स्थित शहीद स्मारक स्थल पर 40 फीट ऊंचे हाईमास्ट तिरंगे का लोकार्पण रहा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस विशाल तिरंगे को देश की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति को समर्पित किया गया।
 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामनगर स्थित 36वीं वाहिनी पीएसी परिसर में शनिवार को देशभक्ति और शहीदों के सम्मान से जुड़ा भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पीएसी तिराहा पार्क स्थित शहीद स्मारक स्थल पर 40 फीट ऊंचे हाईमास्ट तिरंगे का लोकार्पण रहा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस विशाल तिरंगे को देश की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति को समर्पित किया गया।

हाईमास्ट तिरंगे का लोकार्पण सीमा केसरी, धर्मपत्नी समाजसेवी श्याम कुमार केसरी ने किया। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठा। उपस्थित अधिकारियों, जवानों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत 36वीं वाहिनी पीएसी के शस्त्रागार परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। वाहिनी के सेनानायक आईपीएस डॉ. अनिल कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और सेरेमोनियल गार्ड ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार पांडेय ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों को आत्मसात करना और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस दौरान वाहिनी के जवानों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। साथ ही 36वीं वाहिनी पीएसी के इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला गया।

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि
ध्वजारोहण के बाद अधिकारी और कर्मचारी शहीद स्मारक स्थल पहुंचे। यहां देश और समाज की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद पीएसी तिराहा पार्क स्थित शहीद स्मारक पर 40 फीट ऊंचे हाईमास्ट तिरंगे का लोकार्पण किया गया।
बताया गया कि शहीद पार्क का निर्माण एवं जीर्णोद्धार प्रथम विश्व युद्ध में रामनगर स्टेट की ओर से शहीद हुए करीब एक हजार सैनिकों तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बलिदान देने वाले पीएसी जवानों की स्मृति में किया गया है। विशाल तिरंगे की स्थापना को शहीदों के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

पौधरोपण और मिष्ठान वितरण
लोकार्पण के बाद शहीद स्मारक स्थल पर पौधरोपण किया गया। वाहिनी बैंड ने राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सेवा का संकल्प भी लिया गया।

समारोह के बाद पीएसी तिराहा सड़क किनारे रहने वाले लोगों के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों, अतिथियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। रवींद्रालय में जलपान की व्यवस्था भी की गई।


समाजसेवी और सेवानिवृत्त कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम में समाजसेवी श्याम कुमार केसरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त बैंड मेजर अब्दुल कादिर को नगर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आयोजन में पीएसी परिवार के साथ रामनगर के समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।

स्वतंत्रता दिवस पर श्री रामेश्वर फिलिंग स्टेशन और श्री रामेश्वर पैराडाइस लॉन में भी ध्वजारोहण हुआ। डॉ. उत्कर्ष केसरी और उद्भव केसरी की उपस्थिति में एडवोकेट अनिल सिंह और रविशंकर शर्मा ने ध्वजारोहण किया।

समारोह में उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, सहायक सेनानायक कुमार धीरेंद्र नारायण, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार सहित वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।