संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के 63 वर्ष पुराने पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास का होगा कायाकल्प, कुलपति ने ₹6.76 करोड़ की परियोजना का किया शुभारंभ

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विश्वविद्यालय परिसर स्थित लगभग 63 वर्ष पुराने पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास के व्यापक जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का सोमवार को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया।
 

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विश्वविद्यालय परिसर स्थित लगभग 63 वर्ष पुराने पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास के व्यापक जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का सोमवार को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया।

निर्माण कार्य के शुभारंभ के बाद कुलपति ने कार्यस्थल का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सुविधाएं ही विश्वविद्यालय प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। विश्वविद्यालय का प्रत्येक अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है। ऐसे में छात्रावास के नवीनीकरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन निर्माण कार्य की निरंतर निगरानी करेगा ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च मानकों के अनुरूप कार्य पूरा हो और विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं प्रेरणादायी आवासीय वातावरण मिल सके। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस परियोजना को उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग से 6.7658 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। 

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रथम किश्त के रूप में 3.3829 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डीएस) के माध्यम से शासन के सभी वित्तीय, तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए कराया जाएगा। शासन ने परियोजना में गुणवत्ता, पारदर्शिता, पर्यावरणीय मानकों और वित्तीय नियमों के अनुपालन को अनिवार्य किया है।

पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। इसका शिलान्यास अगस्त 1963 में तत्कालीन उपकुलपति सुरेन्द्र नारायण मणि त्रिपाठी ने किया था। छात्रावास में 132 आवासीय कक्ष, एक विशाल सभागार तथा कार्यालयों के लिए पृथक कक्ष उपलब्ध हैं। जीर्णोद्धार के बाद यह छात्रावास आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर विद्यार्थियों को अधिक सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम में वैदिक अनुष्ठान डॉ. सच्चिदानन्द ने संपन्न कराया। इस अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. राजनाथ, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. मधुसूदन मिश्र, डॉ. विजेन्द्र आर्य, अभियंता रामविजय सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि अनमोल त्रिपाठी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।