पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को ‘नारी शक्ति महोत्सव’ बनाने की तैयारी, 50 हजार महिलाएं करेंगी स्वागत
वाराणसी। आगामी 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी दौरे को इस बार खास अंदाज में आयोजित करने की तैयारी चल रही है। भारतीय जनता पार्टी इस कार्यक्रम को पूरी तरह “नारी शक्ति महोत्सव” के रूप में प्रस्तुत करने की योजना बना रही है, जिसमें मातृशक्ति की केंद्रीय भूमिका होगी। इसको लेकर रविवार को सर्किट हाउस में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने की। बैठक में महानगर और जिला इकाइयों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा की सदस्याएं और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में तय किया गया कि पूरे कार्यक्रम की कमान महिलाओं को सौंपी जाएगी। आयोजन की रूपरेखा, बूथ स्तर तक जिम्मेदारियों का निर्धारण, जनसंपर्क अभियान और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया गया।
प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी का यह आयोजन देशभर के लिए प्रेरणादायक होगा और नारी शक्ति की क्षमता का सशक्त प्रदर्शन करेगा।
बैठक में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि बरेका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक महिलाएं प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल स्वागत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
इस दौरान “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर भी चर्चा हुई। धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, दिलीप पटेल ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का रवैया महिलाओं के प्रति सकारात्मक नहीं रहा है। बैठक में महापौर अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।