वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक यात्री, करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी में बाइक यात्रा पहुंची। इस यात्रा का बुधवार को काशी में समापन होगा। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में 500 यात्री शामिल हैं। यात्रा के समापन पर बुधवार को रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर 2:30 बजे बड़ी जनसभा भी होगी। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आदि संबोधित करेंगे। जनसभा में करीब 50 हजार लोगों के आने की संभावना है।
 

सेवा संकल्प बाइक यात्रा का बुधवार को काशी में होगा समापन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रहेंगे मौजूद 

जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में होगी जनसभा, 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना 

सीएम योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में ‘नमो बुक फेस्ट-काशी संस्करण’ का  करेंगे अवलोकन

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी कोतवाल 'बाबा काल भैरव' का दर्शन-पूजन करेंगे मुख्यमंत्री

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा बाइक सेवा यात्रियों का स्वागत

सुबह 10 से 11 बजे तक एलईडी पर सुना जाएगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन

वाराणसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी में बाइक यात्रा पहुंची। इस यात्रा का बुधवार को काशी में समापन होगा। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में 500 यात्री शामिल हैं। यात्रा के समापन पर बुधवार को रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर 2:30 बजे बड़ी जनसभा भी होगी। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आदि संबोधित करेंगे। जनसभा में करीब 50 हजार लोगों के आने की संभावना है।

समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (7 अक्टूबर) दोपहर करीब 1:30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट ,काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। लगभग 2:30 बजे मुख्यमंत्री जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल 'बाबा काल भैरव' का दर्शन-पूजन भी करेंगे।

बता दें कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा है। इसे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि बाइक सेवा यात्री बस से सुबह 9 बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में पहुंचेंगे। यहां सभागार में सभी का स्वागत-अभिनंदन होगा। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन को सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। वहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। 

उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा में आगे वडनगर की नदियों के जल से भरे 11 कलश/गंगाजल के 11 कलश समेत कुल 22 कलश रहेंगे। यात्रा में 51 महिलाएं, भाजपा  संगठन के पदाधिकारी, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, विधायक, एमएलसी और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री भी शामिल होंगे। कुल संख्या करीब 800 रहेगी। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक होगा। इसके बाद सभी जनसभा में शामिल होंगे। बाइक यात्री 8 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे अयोध्या रवाना होंगे। इसके बाद सभी दिल्ली पहुंचकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।